मंदसौर। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 156.5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त माल की अनुमानित कीमत 2,34,750 रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल तथा एसडीओपी मल्हारगढ़ कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी भारत भाबर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 19-20 अप्रैल 2026 की रात वाहन चेकिंग के दौरान यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, जय वीर हनुमान मंदिर के पास संजीत रोड, काचरिया कदमाला चौपाटी पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा XUV 300 कार (क्रमांक MP18CA8642) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में रखे 8 प्लास्टिक के कट्टों से कुल 156.5 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी सुखदेव (29), निवासी रामदेव नगर गुजरवास खुर्द, थाना बनाड़, जिला जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध NDPS Act की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जब्त सामग्री-
156.5 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत लगभग 2,34,750 रुपये), महिंद्रा XUV 300 कार (अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये), एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, दो फर्जी नंबर प्लेट। इस कार्रवाई में नारायणगढ़ थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।