मनासा। नगर में आज श्री रामानुज सम्प्रदाय के श्रद्धालुओं द्वारा परम पूज्य स्वामी भाष्यकार भगवत श्री रामानुजाचार्य जी महाराज की 1009वीं जयंती श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर नगर के रामानुज कोट मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में वैष्णव जनों ने भाग लिया। कार्यक्रम के तहत रामानुज कोट मंदिर से एक भव्य चल समारोह भी निकाला गया।
यह चल समारोह सदर बाजार, बड़ा बाजार, मुरली मंदिर और कपड़ा बाजार सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया और कई स्थानों पर भगवान श्री रामानुजाचार्य जी की तस्वीर के समक्ष पूजा-अर्चना भी की गई।
चल समारोह में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजन में रामानुज मुन्दड़ा, राजेश सोडानी, बालकृष्ण मुन्दड़ा, उमेश मुगड़, श्री राम मुंगड़, वेदप्रकाश बाहेती सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूरा नगर भक्ति और श्रद्धा के माहौल में डूबा नजर आया।