नीमच। जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा पालसोड़ा में एक शादी समारोह उस समय हिंसा की भेंट चढ़ गया, जब बिंदौली के दौरान दो सगे भाइयों पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गांव में पारिवारिक विवाह समारोह के तहत बिंदौली निकाली जा रही थी। इसी दौरान महेंद्र रावत, गोविंद रावत, नारायण सिंह रावत और कन्हैयालाल रावत मौके पर पहुंचे और विशाल नायक से विवाद करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और आरोपियों ने तलवार से हमला कर दिया।
हमले में विशाल नायक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि तलवार का वार उसके बेल्ट को चीरते हुए जीन्स तक पहुंच गया। उसे बचाने पहुंचे उसके भाई नरेंद्र सिंह नायक पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। दोनों भाइयों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। परिजन व ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर महेंद्र रावत, गोविंद रावत और नारायण रावत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।