गरोठ। तहसील मुख्यालय भानपुरा से करीब 20 किमी दूर ग्राम बोरदा का 15 वर्षीय बालक हरिओम पाटीदार पिछले 8 दिनों से लापता है। 15 अप्रैल को दोपहर करीब 1 बजे वह घर से निकला था, जिसके बाद से अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। इकलौते बेटे के अचानक गायब होने से परिवार गहरे सदमे में है।
परीक्षा में असफल होने से था परेशान
परिजनों के अनुसार हरिओम कक्षा 10वीं की परीक्षा में असफल हो गया था। इससे पहले वह 9वीं में भी फेल हो चुका था और इस बार उसने प्राइवेट विद्यार्थी के रूप में परीक्षा दी थी। परिवार का कहना है कि पढ़ाई को लेकर उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं था, फिर भी उसके इस कदम ने सभी को चिंता में डाल दिया है।
परिवार में इकलौता बेटा
पिता कारूलाल पाटीदार और चाचा शिवनारायण पाटीदार ने बताया कि फेल होना सामान्य बात है, लेकिन बेटे का इस तरह घर छोड़ देना बेहद चिंता का विषय है। हरिओम दो बहनों के बीच सबसे छोटा और परिवार का इकलौता बेटा है। उसके लापता होने से घर में मातम जैसा माहौल है।
सीसीटीवी में दिखी आखिरी लोकेशन
सीसीटीवी फुटेज में हरिओम को भैंसोदा मंडी क्षेत्र में दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर जाते हुए देखा गया है। वह भैंसोदा से बोरदा की दिशा में जाता नजर आया। पाटीदार गैस एजेंसी, भैंसोदा तक उसके फुटेज सामने आए हैं, इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला।
परिजन कर रहे लगातार तलाश
परिजन रिश्तेदारों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
अपील
परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को हरिओम पाटीदार कहीं दिखाई दे, तो मोबाइल नंबर 7024104336 पर तुरंत सूचना दें, ताकि उसे सकुशल घर वापस लाया जा सके।