मंदसौर। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने मिण्डला खेड़ा में निर्मित लोक कल्याण सरोवर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सरोवर के आकार (शेप) को ठीक एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सिंह ने कहा कि वर्तमान में सरोवर का आकार समरूप नहीं है, इसे एकसमान एवं संतुलित किया जाए, ताकि यह अधिक आकर्षक दिखाई दे और जल संग्रहण का प्रभावी केंद्र बन सके। उन्होंने कहा कि इससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में “लोक निर्माण से लोक कल्याण” योजना के तहत बड़े पैमाने पर लोक कल्याण सरोवरों का निर्माण किया जा रहा है। सड़क निर्माण के दौरान निकाली गई मिट्टी का उपयोग करते हुए सरोवर तैयार किए जा रहे हैं। अब तक प्रदेश में 508 सरोवरों का निर्माण किया जा चुका है, जबकि वर्तमान वर्ष में 600 नए सरोवर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
मिण्डला खेड़ा में निर्मित इस सरोवर की जल भंडारण क्षमता लगभग 2800 क्यूबिक मीटर तथा गहराई 2 मीटर है। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित यह सरोवर क्षेत्र में जल संरक्षण एवं उपयोग के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।