मंदसौर। जिले के स्वास्थ्य एवं अधोसंरचना विकास को गति देते हुए उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय, मंदसौर में 29 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर 7 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित 100 बिस्तरीय नवीन वार्ड तथा 17 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से बने 100 बिस्तरीय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) भवन का लोकार्पण किया गया। साथ ही 4 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से चांदाखेड़ी फंटा से खजुरिया मार्ग निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा मजबूती का आधार
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से डॉक्टरों की कमी को दूर किया जा सकेगा और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में जोड़ी गई नई सुविधाएं क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात हैं और इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
स्वास्थ्य भवन आशाओं का केंद्र रू राकेश सिंह
कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि नव निर्मित स्वास्थ्य भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि आशा और विश्वास का केंद्र है। यह विशेष रूप से माताओं और बच्चों की बेहतर देखभाल के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य प्रकृति के संतुलन के साथ किए जा रहे हैं और विकास की धारा निरंतर आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है, जिससे सुविधाओं में सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि मंदसौर मेडिकल कॉलेज में विशेष चिकित्सा सेवाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए गुणवत्ता आधारित कार्यों पर जोर दिया और क्षेत्र में बेहतर सड़कों के विकास की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम के अंत में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत मरीजों को फूड बास्केट वितरित किए गए, ताकि उन्हें पोषण सहायता मिल सके।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।