मनासा। ऑपरेशन मुस्कान के तहत मनासा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक तीन वर्षीय मासूम बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके परिजनों से मिला दिया।
थाना मनासा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमनाथ मंदिर क्षेत्र निवासी अनिल सूर्यवंशी की पुत्री अचानक घर से कहीं चली गई थी। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए तलाश अभियान शुरू किया।
थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चिता फोर्स के जवानों को तत्काल निर्देशित किया। इसके बाद चिता जवान पिंकेश मोगिया और विनोद भाटी ने तत्परता दिखाते हुए बालिका को सुरक्षित ढूंढ निकाला और परिजनों तक पहुंचाया।
बालिका के सकुशल मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।