मंदसौर। जिले के बाजखेड़ी फंटे पर शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय बल्लू गुर्जर पिता मोहनलाल, निवासी ग्राम चिरमोलिया और 28 वर्षीय परमेश्वर गुर्जर पिता भंवरलाल, निवासी ग्राम झावल मंदसौर से अपने गांव लौट रहे थे। दोनों युवक हाउसिंग फाइनेंस से जुड़े कार्य करते हैं और काम समाप्त कर देर रात मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे।
इसी दौरान बाजखेड़ी फंटे के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार, परमेश्वर गुर्जर के हाथ, सिर और पैर में चोटें आई हैं, जबकि बल्लू गुर्जर के मुंह, सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें पाई गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।