नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम खेताखेड़ा डोरिया में शुक्रवार रात आपसी विवाद के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। हमलावरों ने घर के बाहर सो रहे एक व्यक्ति और उसके परिजनों पर तलवार व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खेताखेड़ा निवासी राजूलाल (39) पिता बाबूलाल ओड अपने घर के बाहर सो रहे थे। इसी दौरान उनके रिश्तेदार, जो कचौली निवासी बताए जा रहे हैं, 10 से अधिक साथियों के साथ एक कार में वहां पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
पति-पत्नी समेत तीन घायल
हमले के दौरान राजूलाल को बचाने के लिए उनकी पत्नी संगीता बाई (40) और परिजन दिनेश (45) आगे आए, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और लाठी-डंडों व तलवार से मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायलों में संगीता बाई पति राजूलाल ओड, राजूलाल पिता बाबूलाल ओड और दिनेश पिता कन्हैयालाल शामिल हैं। दिनेश को बीच-बचाव के दौरान चोटें आईं। सभी घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल नीमच में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जीरन पुलिस मौके पर सक्रिय हुई और अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए। पीड़ितों ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, हमलावर पीड़ित परिवार के ही रिश्तेदार हैं, जिनसे किसी पुराने विवाद को लेकर अनबन चल रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।