नीमच। जिले के सरवानिया चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देपालपुरा में 22 वर्षीय विवाहिता को कथित रूप से जहर देने का मामला सामने आया है। पीड़िता किरण पत्नी दीपक बंजारा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार किरण की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व दीपक बंजारा से हुई थी और उनकी छह माह की एक बच्ची है। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे और बेटी के जन्म को लेकर विवाद करते थे।
परिजनों का आरोप है कि शनिवार को सास कंकुबाई ने किरण को जबरन खाना खिलाया, जिसमें कथित रूप से जहर मिला हुआ था। खाना खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे पहले मनासा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच में जहर की पुष्टि होने पर नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया। वर्तमान में वह आईसीयू में भर्ती है।
मामले में सास कंकुबाई, ससुर खीमा बंजारा, जेठानी बतूल बंजारा एवं पति दीपक बंजारा पर आरोप लगाए गए हैं। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मनासा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।