चित्तौड़गढ़। कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि प्रार्थी देवकिशन भील (34), निवासी बरखेड़ा, तहसील निंबाहेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे उसे सूचना मिली कि उसके पिता के साथ गांव के पास पानी के नाले (खाल) के पास श्यामलाल भील और मोतीलाल भील मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां उसके पिता बगदीराम भील (50) घायल अवस्था में जमीन पर पड़े मिले, जबकि दोनों आरोपी लाठी और पत्थर लिए खड़े थे। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल बगदीराम को तत्काल निंबाहेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने मृतक को शराब पिलाकर पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों ने लाठी और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी बद्रीलाल के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना संकलन एवं साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों- श्यामलाल भील (30) एवं मोतीलाल भील (25), निवासी बरखेड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे गहन अनुसंधान जारी है।