पिपलियामंडी। थाना पिपलियामंडी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के काचरिया चंद्रावत गांव में कच्ची शराब बनाने वाले अड्डों पर दबिश दी। यह कार्रवाई थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में की गई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग तालाबों के आसपास गहरी खाइयों एवं गड्ढों में छिपकर कच्ची शराब तैयार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। दबिश के दौरान पुलिस ने लगभग 400 लीटर लहान (कच्ची शराब बनाने का घोल) को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
