चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शंभूपुरा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 84 किलोग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है तथा परिवहन में प्रयुक्त रेनॉल्ट काइगर कार को जब्त किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार तथा एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

थानाधिकारी शंभुपुरा धर्मराज मीना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध रेनॉल्ट काइगर कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 84 किलोग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया।

पुलिस ने मौके से आरोपी विनोद कुमार उर्फ कान्हा जाट (19), निवासी चतुर्भुजपुरा थाना कपासन जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया है। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसे नामजद कर लिया गया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।
