चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत गंगरार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 435 किलो 470 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा, 1.250 किलोग्राम अफीम, मैगजीन सहित 03 जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार तथा एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी शिवप्रकाश टेलर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
3
शनिवार को एएसआई शिवलाल को सूचना मिली कि एक सफेद स्कॉर्पियो कार में संदिग्ध गतिविधि हो रही है। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और सांकड़ो का खेड़ा की ओर भाग निकला।

पुलिस पीछा करते हुए सिंगोला गांव पहुंची, जहां आरोपी वाहन को एक नोहरे के पास छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बाद में थाना प्रभारी श्यामाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान 1.250 किलोग्राम अफीम, 23 प्लास्टिक कट्टों में भरा 435 किलो 470 ग्राम डोडाचूरा, मैगजीन सहित 03 जिंदा कारतूस तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। वाहन की सीटें हटाकर अवैध मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने सभी सामग्री जब्त कर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस टीम-
थानाधिकारी श्यामाराम, एएसआई शिवलाल, कांस्टेबल रोहिताश, श्योपत, बाबूलाल एवं भैरूलाल।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, कंट्रोल रूम या नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।
