नीमच/जीरन। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना जीरन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक काले रंग की स्कार्पियो से भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा जप्त किया है।
यह कार्रवाई मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक भोपाल के निर्देशों के तहत, पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के मार्गदर्शन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
नाकाबंदी तोड़कर भागा चालक, वाहन छोड़कर फरार-
पुलिस के अनुसार दिनांक 27 अप्रैल 2026 को घसुडी-चीताखेड़ा रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान काले रंग की स्कार्पियो क्रमांक आरजे 14 यूपी 3477 को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन चालक ने नाकाबंदी देखकर तेज गति से वाहन चलाते हुए नाकाबंदी तोड़ दी और हरनावदा रोड की ओर भाग गया। कुछ दूरी पर हरनावदा पुलिया के पास वाहन छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया।
स्कार्पियो से भारी मात्रा में डोडाचूरा जप्त-
वाहन की तलाशी लेने पर स्कार्पियो के अंदर कुल 2 क्विंटल 61 किलो 300 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया गया। जप्त वाहन एवं मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 9.60 लाख बताई गई है।
मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी-
पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। वाहन स्वामी एवं तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।