मंदसौर। नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भावगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान अवैध मादक पदार्थ निर्माण में प्रयुक्त होने वाला 27 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड जब्त किया है। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 3 मई की रात निम्बोद-बेहपुर रोड स्थित चांदाखेड़ी फंटे पर वाहन चेकिंग के दौरान एक टीवीएस मोटरसाइकिल पर दो युवक बीच में कैन रखकर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे। घेराबंदी कर एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ लिया गया, जबकि पीछे बैठा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में सामने आया कि जब्त रसायन का उपयोग बड़े पैमाने पर अवैध मादक पदार्थ बनाने में किया जाना था। पुलिस ने 27 किलो एसिटिक एनहाइड्राइड (कीमत लगभग 60 हजार रुपये) तथा मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है।
फरार आरोपी युवराज सिंह निवासी रणायरा, थाना कालूखेड़ा, जिला रतलाम की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच कर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भी पहचान कर रही है।