मंदसौर। जिले के मल्हारगढ़ के समीप देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उज्जैन जिले के चार युवक दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर राजस्थान स्थित सांवलिया सेठ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे, इसी दौरान एक अज्ञात कार ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो बाइक पर सवार थे चारों युवक-
जानकारी के अनुसार, विशाल (पिता बलराम नरवरे) निवासी गनावा, सावन (पिता रूप सिंह, उम्र 17 वर्ष) निवासी गनावा, गोपाल (पिता तेजाराम, उम्र 22 वर्ष) एवं गौतम (पिता तेजाराम, उम्र 22 वर्ष) निवासी उज्जैन शाम करीब 6 बजे उज्जैन से रवाना हुए थे। गोपाल और सावन एक बाइक पर, जबकि विशाल और गौतम दूसरी बाइक पर सवार थे।
रात 12 बजे हुआ हादसा-
रात करीब 12 बजे जैसे ही वे मल्हारगढ़ के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में गोपाल और सावन गंभीर रूप से घायल हो गए। आगे चल रहे विशाल और गौतम को जब साथी नहीं मिले तो वे वापस लौटे, जिसके बाद हादसे की जानकारी सामने आई।
108 एंबुलेंस नहीं पहुंची, नगर पालिका वाहन से अस्पताल भेजा गया-
घटना के बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद नगर पालिका के वाहन से घायलों को मल्हारगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सावन की हालत गंभीर, इंदौर रेफर-
जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. मोइन नियारगर ने बताया कि सावन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर करने की सलाह दी गई थी, लेकिन परिजन उसे इंदौर ले गए। सावन के सिर में लगभग 15 टांके तथा होंठ पर 5 टांके आए हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं गोपाल को सिर और चेहरे पर चोट आई है, हालांकि उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
नई बाइक लेकर निकले थे दर्शन के लिए
बताया जा रहा है कि गौतम ने हाल ही में नई बाइक खरीदी थी और उसी पर सभी युवक सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए जा रहे थे। फिलहाल पुलिस अज्ञात कार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।