प्रतापगढ़। जिले के धरियावद उपखंड के पारसोला थाना क्षेत्र के पाटला बावड़ी गांव में मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया और यह घटना खूनी वारदात में बदल गई। इस दर्दनाक घटना में 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र नाथूलाल मीणा (पुत्र भीखाराम मीणा) की चाकूबाजी में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों में आगजनी कर दी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
धरियावद डीएसपी नानालाल सालवी ने बताया कि गांव में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम के दौरान नाथूलाल और विनोद नामक युवक के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया था, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने शांत करवा दिया था।
पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब नाथूलाल अपने घर लौट रहा था, तभी पाटला बावड़ी मोड़ पर पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने अपने साथियों के साथ उसे घेर लिया और उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नाथूलाल को धरियावद अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों को निशाना बनाते हुए 2 से 3 केलूपोस मकानों और 2 से 3 पशु बाड़ों में आग लगा दी। आग से घरों में रखा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से कुछ पशुओं एवं अनाज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित 5 से 6 संदिग्धों को डिटेन कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। आरोपी वारदात के बाद जंगलों की ओर फरार हो गए थे, जिन्हें तलाश कर पकड़ा गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम एवं तहसीलदार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी में 5 से 7 लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है, हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। डीएसपी नानालाल सालवी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।