नीमच/जावद। प्रदेश में चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत जावद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक कार से 35 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जावद निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
घटना का विवरण-
दिनांक 4 मई 2026 को अवैध गतिविधियों की रोकथाम के तहत जावद पुलिस द्वारा अठाना-सुखानंदजी रोड पर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान एक ऑल्टो कार क्रमांक एमपी-14-सीसी-3671 की तलाशी लेने पर उसमें रखे चार बैगों से कुल 35 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद किया गया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए कार चालक आरोपी महेश पिता रामदयाल (31 वर्ष), निवासी ग्राम गणेशपुरा, थाना कुकड़ेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
आगे की कार्रवाई-
पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है तथा मादक पदार्थ के स्रोत और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोज सिंह जादौन, उपनिरीक्षक तुलसीराम चौहान, प्रधान आरक्षक सुभाष प्रजापत, शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित आरक्षक सुनील डिंडोर (सूचना तंत्र), श्याम सिंह देवड़ा, पंकज कुमावत, सुरेश धनगर एवं जीवन सिंह सिंगाड़ की सराहनीय भूमिका रही।