नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपलिया जागीर में लापता युवक का शव उसके ही खेत स्थित कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पूनमचंद पिता अमरचंद मीणा (30) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार पूनमचंद 2 तारीख की रात खेत पर पानी देने गया था, जहां वह रोजाना रुकता था, लेकिन इस बार वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश कर पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी थी।
घटना के चार दिन बाद ग्रामीणों को खेत के कुएं में पानी में फूलता हुआ शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।