मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुवासरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 145 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों के भंडारण, विक्रय एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 6 मई 2026 को मुखबिर सूचना के आधार पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुरील एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक राजेंद्र सिंह बघेल के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने उज्जैन-गरोठ फोरलेन स्थित ग्राम सेमलीकांकड़ के पास विद्युत ग्रिड के सामने से एक सफेद रंग की टाटा हैरियर कार (क्रमांक MP20ZL9604) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में रखे 9 प्लास्टिक कट्टों से कुल 145 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया।
मौके से आरोपी राजेश कुमार (26) निवासी हनुमान नगर भोजासर, थाना भोजासर, जिला फलौदी (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उक्त मादक पदार्थ उसने अपने साथी अनिल उर्फ रामलाल निवासी बरखेड़ा गंगासा (गरोठ) से लिया था, जो वर्तमान में फरार है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जब्त सामग्री में लगभग 2.90 लाख रुपये कीमत का डोडाचूरा एवं करीब 25 लाख रुपये मूल्य की टाटा हैरियर कार शामिल है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह बघेल, उपनिरीक्षक भारत कटारा एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।