मंदसौर। बुधवार रात नाहटा चौराहा स्थित एक होटल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने अपने पति को उसकी प्रेमिका के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साई पत्नी ने परिजनों के साथ मिलकर पति और उसकी प्रेमिका की होटल में ही जमकर पिटाई कर दी। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कमरे में पकड़ते ही भड़का विवाद-
जानकारी के अनुसार, शामगढ़ निवासी 50 वर्षीय जुल्फिकार अली (पिता नियामत खान) अपनी 38 वर्षीय प्रेमिका के साथ होटल समता पैलेस में रुका हुआ था। प्रेमिका मुलतानपुरा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। बुधवार रात करीब 11 बजे जुल्फिकार की पत्नी अपने भाई और भाभी के साथ होटल पहुंची। जैसे ही कमरे का दरवाजा खुला, पत्नी ने पति को दूसरी महिला के साथ देख आपा खो दिया और थप्पड़ों की बरसात शुरू कर दी।

बाल पकड़कर घसीटा, सीढ़ियों तक ले गई महिला-
पत्नी ने अपनी भाभी के साथ मिलकर प्रेमिका के बाल पकड़कर उसकी पिटाई की। वहीं पत्नी का भाई भी जुल्फिकार अली के साथ झूमा-झटकी करता नजर आया। विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने प्रेमिका को सीढ़ियों से घसीटते हुए नीचे तक ले जाकर मारपीट की।

डायल-112 ने संभाला मामला-
सूचना मिलने पर डायल-112 मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की। बाद में जुल्फिकार अली और उसकी प्रेमिका को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद परिजनों के थाने से चले जाने पर पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर जुल्फिकार अली और उसकी प्रेमिका को छोड़ दिया।

डॉक्टर है जुल्फिकार अली-
जानकारी के अनुसार, जुल्फिकार अली पेशे से डॉक्टर है और शामगढ़ में निजी क्लीनिक संचालित करता है। बताया जा रहा है कि वह अपनी प्रेमिका का जन्मदिन मनाने मंदसौर आया था। यह भी जानकारी सामने आई है कि प्रेमिका का उसके पति से लगभग छह महीने पहले तलाक हो चुका है, जिसमें जुल्फिकार अली की भूमिका भी बताई जा रही है।

घटना के बाद स्थिति-
घटना के बाद पत्नी अपने परिजनों के साथ घर लौट गई, जबकि जुल्फिकार अली अपनी प्रेमिका के साथ मंदसौर से रवाना हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल किसी पक्ष द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
