नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चल्दू में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। जेसीबी चालक की कथित लापरवाही के कारण बिजली की सर्विस लाइन टूट गई, जिससे फैले करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय अशोक पिता रोडीलाल चौधरी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ससुर बाबूलाल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अशोक चौधरी पिछले लगभग 25 वर्षों से अपने ससुराल में घर जमाई के रूप में रह रहा था। वह मजदूरी और खेती का कार्य करता था।

शेड के नीचे काम करते समय हुआ हादसा-
आज सुबह वह घर पर शेड के नीचे सफाई कार्य कर रहा था। इसी दौरान एक जेसीबी चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए शेड के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को तोड़ दिया गया। तार टूटते ही पूरे क्षेत्र में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में अशोक आ गया। करंट इतना तेज था कि अशोक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जेसीबी चालक वाहन सहित फरार-
हादसे के बाद जेसीबी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई तथा पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया। अशोक चौधरी की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शव को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

पुलिस जांच जारी-
परिजनों ने आरोपी जेसीबी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
