रतलाम। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण एवं चोरी की घटनाओं के त्वरित खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जावरा शहर पुलिस एवं साइबर सेल टीम ने बकरा चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए बकरे, कार, हथियार एवं नगदी सहित कुल 6 लाख 62 हजार 230 रुपये का मशरुका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी शाकीर पिता रजाक पटेल निवासी महिदपुर गेट जावरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26-27 अप्रैल की रात अज्ञात बदमाश उसके घर के पीछे स्थित कमरे का ताला तोड़कर दो बकरियां, चार बड़े बकरे एवं दो छोटे बकरे चोरी कर ले गए थे। मामले में थाना जावरा शहर पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मंडलोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जावरा, नागदा, उज्जैन, इंदौर सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल दानीश, जिशान उर्फ हम्मु, अमीरुद्दीन एवं जुनेद निवासी इंदौर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली है।
बरामद मशरुका-
- सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार
- चार बड़े बकरे
- एक चाकू
- दो लोहे की टामियां
- नगदी 2,120 रुपये
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा अन्य चोरी की घटनाओं में भी संलिप्तता सामने आई है। मामले में विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लिया जाएगा।