चित्तौड़गढ़। चर्चित देवा गुर्जर हत्याकांड में जमानत पर चल रहे आरोपी को रावतभाटा थाना पुलिस ने अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल एवं 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि देवा गुर्जर हत्याकांड के जमानत पर बाहर चल रहे आरोपियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत एएसपी भगवत सिंह हिंगड़ के निर्देशन, डीवाईएसपी शंकरलाल के सुपरविजन तथा थाना प्रभारी संजीव स्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने निगरानी के दौरान 26 वर्षीय कालूलाल पुत्र भेरूलाल गुर्जर निवासी खेड़ारूदा, थाना चेचट जिला कोटा को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल एवं 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी कालूलाल देवा गुर्जर हत्याकांड में लंबे समय तक जेल में रहा था और वर्तमान में जमानत पर बाहर चल रहा था। पुलिस अब अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।