मंदसौर। पिपलिया मंडी में घरेलू गैस एजेंसी खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अभियान को नगरवासियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। पहले दिन 756 और दूसरे दिन 650 लोगों ने हस्ताक्षर कर समर्थन दिया। इस प्रकार दो दिनों में कुल 1406 नागरिकों ने मांग का समर्थन किया है।
अभियान की शुरुआत सब्जी मंडी स्थित श्री गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद की गई। मल्हारगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने चिलचिलाती धूप में घर-घर और बाजार क्षेत्र में लोगों से संपर्क कर हस्ताक्षर करवाए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लगभग 20 हजार की आबादी वाले पिपलिया नगर में अब तक घरेलू गैस एजेंसी नहीं होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में गैस सप्लाई आसपास के क्षेत्रों से की जा रही है। यदि यहां एजेंसी स्थापित होती है तो हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
कांग्रेस ने बताया कि अभियान पूरा होने के बाद जून में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री एवं सांसद को ज्ञापन सौंपकर जल्द गैस एजेंसी खोलने की मांग की जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।