प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ पुलिस ने 6 किलो 5 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपए बताई जा रही है। ये कार्रवाई छोटीसादड़ी थाना क्षेत्र के गांव गागरोल जलमंडी में की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गागरोल जलमंडी स्थित बबलू पुत्र अंबालाल, रामविलास और मुकेश कुमार के घरों में अवैध मादक पदार्थ हो सकता है।
गठित टीमों ने जलमंडी पहुंचकर मुकेश पुत्र दौलतराम मेनारिया, रामविलास पुत्र लक्ष्मण मेनारिया और बबलू पुत्र अंबालाल मेनारिया के घरों की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान मुकेश पुत्र दौलतराम मेनारिया निवासी जलमंडी के घर के अंदर दो टिफिन में कुल 6 किलो 5 ग्राम अवैध अफीम मिली, जिसे जब्त कर लिया गया।
इस संबंध में छोटीसादड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तलाशी के समय आरोपी मुकेश मेनारिया घर पर मौजूद नहीं था। उसकी तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं और मामले में आगे की जांच जारी है।
एसपी बी. आदित्य के निर्देश पर ये अभियान चलाया गया। एएसपी गजेंद्रसिंह जोधा और डीएसपी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में छोटीसादड़ी, धमोतर, धोलापानी, जलोदा जागीर थानों की टीमों और डीएसटी टीम ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।