देवास। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत औद्योगिक थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 126 लीटर अवैध देशी शराब और एक कार जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 3.5 लाख रुपए बताई जा रही है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीरसिंह भदौरिया के एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व टीम बनाकर की गई।
सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने टाटा कंपनी के सामने खड़ी एक इंडिगो कार पर दबिश दी। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 14 पेटी (126 लीटर) अवैध देशी शराब बरामद की गई।
मौके से पुलिस ने आरोपी श्याम पिता हेमराज योगी (26), निवासी दुर्गानगर, देवास को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त इंडिगो कार को भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।