मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के खोखरा गांव में रविवार सुबह एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पिपलियामंडी थाना पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान खोखरा गांव निवासी संदीप पिता श्यामलाल पाटीदार (43) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, संदीप शनिवार रात अपने खेत पर बने बाड़े में सोने गया था। रविवार सुबह जब परिजन और ग्रामीण खेत पर पहुंचे तो उन्होंने उसका शव रस्सी के फंदे से लटका हुआ पाया।
ग्रामीणों ने तत्काल पिपलियामंडी थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, संदीप शनिवार रात रोज की तरह खेत पर सोने गया था। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।