खरगोन। जिले के कसरावद के खलटांका चौकी क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट और महिला से छेड़छाड़ की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। बलकवाड़ा थाना और खलटाका चौकी पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पूरा सामान, नगदी, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली है।
घटना इक्कीस मई दो हजार छब्बीस की बताई जा रही है। मराल कंपनी में काम करने वाली महिला कर्मचारी अपने सहकर्मी रितिक के साथ बाइक से बालसमुद लौट रही थी। रास्ते में ग्राम पानवा के पास सात माता मंदिर के आगे दोनों तेज गर्मी के कारण पानी पीने के लिए नीम के पेड़ के नीचे रुके थे। तभी चार युवक वहां पहुंचे और दोनों से पूछताछ करने लगे। कुछ ही देर में आरोपियों ने वीडियो और फोटो बनाने की बात कहकर विवाद शुरू कर दिया।
विरोध करने पर आरोपियों ने टिफिन और लकड़ी से युवक और महिला के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए गलत तरीके से हाथ लगाया गया। आरोपियों ने महिला का मोबाइल छीन लिया और डराकर उसका पासवर्ड पूछा। पासवर्ड मिलते ही मोबाइल से ऑनलाइन दस हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए गए।
बदमाश महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र, कान की बालियां, नाक की बाली, एटीएम कार्ड और दोनों के मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गए। पूरे मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की।
एसडीओपी मंडलेश्वर श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी सागर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर ग्राम पानवा निवासी अरुण, दीपक, अजय, और एक नाबालिग को दबोच लिया।
पूछताछ में चारों ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों से करीब नब्बे हजार रुपए का लूटा हुआ सामान, एक लाख रुपए की बाइक और करीब अस्सी हजार रुपए के चार मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।