नीमच। शहर के केंट थाना क्षेत्र में शनिवार शाम से लापता एक महिला का शव देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक खेत में मिला। परिजनों के अनुसार, महिला पेट की गंभीर बीमारी से परेशान थी और उसने जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूटी लेकर घर से निकली थी महिला-
विकास नगर निवासी अर्पिता पति आशीष जैन शनिवार शाम करीब 6 बजे अपनी स्कूटी लेकर घर से निकली थीं। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने केंट थाने में सूचना दी और सोशल मीडिया पर गुमशुदगी का पोस्टर भी वायरल किया।
खेत के मिला शव, पास में जहर की शीशी मिली-
देर रात परिजन महिला की तलाश करते हुए नीमच-भरभड़िया रोड पर पिनेकल स्कूल से कनावटी जाने वाले मार्ग पर पहुंचे। वहां एक खेत के पास अर्पिता की स्कूटी खड़ी मिली। खेत के अंदर जाने पर महिला बेसुध अवस्था में पड़ी मिली और उसके पास ही जहरीले पदार्थ का एक पाउच/शीशी भी बरामद हुई।
चार साल से पेट की एक गंभीर बीमारी से थी पीड़ित-
परिजनों ने बताया कि अर्पिता पिछले लगभग चार साल से पेट की एक गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं। उनका इलाज भी चल रहा था, लेकिन बीमारी ठीक न होने के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थीं। इसी अवसाद के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस ने पीएम के लिए भेजा शव-
सूचना मिलते ही केंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो पाएगी।