चित्तौड़गढ़। थाना सदर चित्तौड़गढ़ पुलिस एवं जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 71 किलो 230 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त आई-20 कार तथा एस्कॉर्टिंग में लगी एक्सयूवी-300 कार को भी जब्त किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 82 हजार 430 रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि आईजीपी उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी मुकुल शर्मा के मार्गदर्शन एवं डीएसपी ब्रजेश सिंह के सुपरविजन में थाना सदर प्रभारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में पुलिस एवं डीएसटी की संयुक्त टीम ने धनेत रोड पर नाकाबंदी की थी।
नाकाबंदी के दौरान एक सफेद रंग की एक्सयूवी-300 कार को रुकवाया गया। चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पूछताछ की गई। इसी दौरान उसके पीछे आ रही आई-20 कार पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों को रोक लिया।
तलाशी लेने पर आई-20 कार में प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 71 किलो 230 ग्राम कुचला हुआ अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आई-20 कार चालक गोविंद जाट (25) निवासी कालाखेड़ा थाना गंगरार एवं एक्सयूवी-300 कार चालक सोहनलाल जाट (29) निवासी बोदियाना थाना चंदेरिया को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि एक्सयूवी-300 कार डोडाचूरा की एस्कॉर्टिंग कर रही थी। आरोपियों के पास से और अधिक डोडाचूरा खरीदने के लिए रखी गई 1 लाख 82 हजार 430 रुपए की नकद राशि भी जब्त की गई।
कार्रवाई में थाना सदर से थानाधिकारी प्रेम सिंह, एएसआई बलवंत सिंह, कांस्टेबल विनोद कुमार, हेमवृत सिंह, भागीरथ, डूंगर सिंह, नरेंद्र सिंह तथा डीएसटी टीम के हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।