चित्तौड़गढ़। रावतभाटा थाना पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खेत पर पानी की पाइप दबाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति के साथ लाठी एवं पत्थरों से मारपीट कर उसकी हत्या करना स्वीकार किया है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ मामला-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि 22 मई 2026 को प्रार्थी विजयराज सिंह राजपूत (उम्र 37 वर्ष), निवासी आमेठा, थाना अकलेरा, जिला झालावाड़ ने उप जिला चिकित्सालय रावतभाटा की मोर्चरी पर उपस्थित होकर रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में बताया गया कि उसके जीजा संदीप सिंह पुत्र रघुवीर सिंह, निवासी प्रतापनगर चारभुजा की खेत पर हुए विवाद को लेकर परिवारजनों ने गंभीर मारपीट कर हत्या कर दी।
पुलिस ने गठित की विशेष टीम-
मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर रावतभाटा थाने में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया तथा आरोपियों की तलाश शुरू की गई। एएसपी रावतभाटा भगवत सिंह हिंगड़ के निर्देशन एवं डीवाईएसपी शंकरलाल के सुपरविजन में थानाधिकारी संजीव स्वामी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार-
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नन्दसिंह पुत्र शिवसिंह राजपूत, नारायणसिंह उर्फ मूलसिंह पुत्र शिवसिंह राजपूत तथा मेहताबसिंह पुत्र नन्दसिंह राजपूत (उम्र 29 वर्ष), निवासी करणपुरा थाना रावतभाटा, हाल बप्पारावल चौराहा चारभुजा को डिटेन कर पूछताछ की। बाद में तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पत्थरों और लाठियों से की थी मारपीट-
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 22 मई 2026 को खेत पर पानी की पाइप दबाने की बात को लेकर हुए विवाद में उन्होंने संदीप सिंह को पकड़कर नीचे गिराया और पत्थरों व लाठियों से हाथ-पैर एवं शरीर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
अनुसंधान जारी-
पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है तथा मामले में अनुसंधान जारी है।