चित्तौड़गढ़। पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने बढ़ती महंगाई एवं पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आमजन महंगाई से त्रस्त है और सरकार इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार वृद्धि का सीधा असर केवल वाहन चालकों पर ही नहीं, बल्कि दैनिक उपयोग की वस्तुओं, खाद्य सामग्री एवं सब्जियों की कीमतों पर भी पड़ रहा है। इससे आमजन की आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है।
जाड़ावत ने आरोप लगाया कि सरकार धीरे-धीरे ईंधन की कीमतों में वृद्धि कर रही है और भविष्य में भी दाम बढ़ने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में वैट अधिक होने के कारण पेट्रोल-डीजल पहले से ही महंगे हैं, जिससे जनता पर दोहरा बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि सरकार केवल राजस्व संग्रह और तेल कंपनियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। गिरते रुपये और बढ़ती महंगाई के कारण देश की अर्थव्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं लगाया गया तो शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के तत्वावधान में केंद्र सरकार के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।