नीमच। जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोहारिया जाट निवासी 35 वर्षीय राजूलाल उर्फ राजू भील की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजूलाल उर्फ राजू भील पिता भोजा भील ने अपने घर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल रतनगढ़ चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया।

जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मंगलवार तड़के करीब 4 बजे राजूलाल की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मंगलवार को जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

फिलहाल जहरीला पदार्थ सेवन करने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
