नीमच। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस नीमच द्वारा एक सराहनीय एवं प्रभावी पहल की गई है। अब सड़क किनारे लगे चेतावनी बोर्ड केवल “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” जैसे स्लोगन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें हादसों की वास्तविकता भी दर्ज की जा रही है।
इन बोर्डों पर स्पष्ट रूप से दुर्घटनाओं की तारीख एवं मृतकों की संख्या अंकित की गई है, जिससे वाहन चालकों को उस स्थान की गंभीरता का वास्तविक अहसास हो सके। उदाहरण के तौर पर एक बोर्ड पर लिखा है कि 15 अप्रैल से 6 मई के बीच हुए सड़क हादसों में 05 लोगों की मृत्यु हुई।
यातायात पुलिस का मानना है कि जब चालक किसी स्थान पर हुए जानलेवा हादसों का विवरण देखता है, तो वह अधिक सतर्क हो जाता है और लापरवाही से वाहन चलाने से बचता है।
यह अभियान जिला सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशन में चलाया जा रहा है, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास कर रहे हैं। अभियान के अंतर्गत एनएचएआई, एमपीआरडीसी एवं संबंधित एजेंसियों को भी दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में यातायात थाना प्रभारी सोनू बड़गुजर के नेतृत्व में टीम द्वारा ग्राम चल्दू से सगरग्राम मार्ग सहित चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों पर रेडियमयुक्त चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इस मार्ग पर हाल ही में 15 अप्रैल 2026 से 06 मई 2026 के बीच हुए हादसों में 05 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
यातायात पुलिस की अपील-
- वाहनों की खिड़कियों पर काली फिल्म का उपयोग न करें
- बसों में छत पर या अंदर अवैध माल परिवहन न करें
- सभी वाहनों के दस्तावेज (फिटनेस, बीमा, परमिट) पूर्ण रखें
- निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं
पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस पहल से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों में जागरूकता बढ़ेगी।