शाजापुर। थाना कोतवाली पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन मकानों से विद्युत तार चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष वाघेला द्वारा विशेष टीम गठित की गई थी।
दिनांक 24.05.2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मेहेद पिता महमूद खान (उम्र 20 वर्ष, निवासी नई सड़क, शाजापुर) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने निर्माणाधीन मकानों से विद्युत तार चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले दीपक कसैरा की दुकान से विद्युत तार एवं एल्युमिनियम रिप सहित कुल लगभग 8,500 मूल्य का मशरूका बरामद किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने 13.05.2026 को आदर्श नवीन नगर स्थित निर्माणाधीन मकान से भी चोरी की वारदात की थी। मामले में आगे की जांच जारी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।