चित्तौड़गढ़। कपासन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लावारिस अवस्था में पड़ी 8 क्विंटल 85 किलोग्राम तांबे की केबलें जब्त की हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि चोरी एवं आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरजी लाल के सुपरविजन तथा थानाधिकारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में कपासन थाना पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना कपासन क्षेत्र की चौकी पाण्डोली सर्कल के अंतर्गत ग्राम भगवानपुरा के समीप भारी मात्रा में तांबे की केबलें लावारिस अवस्था में पड़ी हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां बड़ी मात्रा में केबलें पड़ी मिलीं।
आसपास के क्षेत्र में केबलों के स्वामी की तलाश की गई, किंतु कोई दावेदार नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में केबलें चोरी की प्रतीत होने पर नियमानुसार उन्हें जब्त कर लिया गया। जब्त सामग्री का वजन करवाने पर कुल 8 क्विंटल 85 किलोग्राम तांबे की केबलें पाई गईं।
पुलिस द्वारा मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है तथा केबलों के स्रोत एवं संबंधित आरोपियों की पहचान की जा रही है।