मंदसौर। नारायणगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस पर फायर कर भागने वाले अंतर्राज्यीय डोडाचूरा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 252 किलोग्राम डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल मय राउंड तथा हुंडई क्रेटा कार सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को बरखेड़ा वीरपुरिया फंटा के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध क्रेटा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी वाहन को तेज गति से चलाकर भागने लगे और वाहन अनियंत्रित होकर दीवार व पेड़ से टकरा गया। इस दौरान दो आरोपी मौके से भागने लगे, जिनमें से एक ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की।

पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान राजूराम (31) निवासी जिला जालोर (राजस्थान) एवं सूरज (19) निवासी जिला सांचौर (राजस्थान) के रूप में हुई है।

तलाशी में 12 कट्टों में भरा 252 किलोग्राम डोडाचूरा, एक पिस्टल, जिंदा राउंड, दो मोबाइल फोन तथा वाहन सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
