शाजापुर। थाना मोहन बड़ोदिया पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई पांच बीज बनाने की तराफे भी बरामद की हैं, जिनकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार फरियादी रामबाबू वर्मा निवासी आदर्श नगर कॉलोनी, शाजापुर ने 30 अगस्त 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अगस्त 2025 की रात पुराना चौमा पुलिया के पास से उनकी बीज बनाने की तराफे अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। मामले में थाना मोहन बड़ोदिया में अपराध क्रमांक 275/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरविंद सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। आरोपी गोपाल सिंह निवासी ग्राम बाबल्दा, जिला राजगढ़ की गिरफ्तारी के लिए कई बार दबिश दी गई, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था।
मुखबिर सूचना एवं साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी को 26 मई 2026 की शाम सारंगपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी गई पांच तराफे बरामद कीं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना मोहन बड़ोदिया पुलिस एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।