रतलाम। कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण एवं भ्रमण किया जा रहा है। इसी क्रम में जावरा विकासखंड की ग्राम पंचायत डूमाहेड़ा में विशेष जल चौपाल आयोजित कर पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
जल चौपाल के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जावरा बलवंत नलवाया, सहायक यंत्री इरफान अली, उपयंत्री जिग्नेश बामनिया एवं विभागीय अमले ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर पेयजल स्रोतों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पाया गया कि ग्राम डूमाहेड़ा की लगभग 1100 की आबादी के लिए एक कूप एवं एक नलकूप आधारित नलजल योजना संचालित है, जिसके माध्यम से उच्चस्तरीय टंकी से जल प्रदाय किया जा रहा है। वर्तमान में दोनों स्रोतों की जल आवक क्षमता कम होने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है और ग्रामीणों को चार दिन छोड़कर जल उपलब्ध कराया जा रहा है।
समस्या के समाधान हेतु अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर एक निजी सफल कूप को नलजल योजना से जोड़ने का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे ग्राम पंचायत द्वारा शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। इससे ग्राम में पेयजल व्यवस्था में सुधार होगा।
इसके अतिरिक्त ग्राम में दो नलकूप सिंगल फेस पंप सहित एवं तीन हैंडपंप भी संचालित पाए गए। ग्राम पंचायत को पानी की गुणवत्ता जांच के लिए फील्ड टेस्ट किट (एफटीके) भी प्रदान की गई।