महेश्वर। इंदौर लोकायुक्त टीम ने बुधवार को खरगोन जिले के शासकीय महाविद्यालय मंडलेश्वर में पदस्थ असिस्टेंट प्रोफेसर आत्माराम सोलंकी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने एक महिला सहायक प्राध्यापक की मनचाही पोस्टिंग कराने के एवज में 4 लाख रुपए की मांग की थी।
शिकायतकर्ता मनोज वास्केल ने लोकायुक्त को बताया कि आरोपी प्रोफेसर उनकी पत्नी उर्मिला वास्कले की धार जिले में पोस्टिंग कराने के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। आरोपी एक लाख रुपए पहले ही ले चुका था और बाकी राशि के लिए दबाव बना रहा था।
लोकायुक्त ने शिकायत का सत्यापन कर बुधवार को धामनोद बाईपास स्थित मधुबन ढाबे पर ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी ने 50 हजार रुपए की रिश्वत ली, टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में डीएसपी सुनील तालान सहित लोकायुक्त की टीम शामिल रही।