मंदसौर। प्रधान आरक्षक (कंप्यूटर) एवं सहायक उप निरीक्षक (कंप्यूटर) के कुल 89 पदों पर भर्ती हेतु मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल द्वारा आयोजित ऑनलाइन परीक्षा का परिणाम 08 मई 2026 को जारी किया जा चुका है।
इस परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Proficiency Test - PPT) 07 जून से 09 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत 800 मीटर दौड़ एवं दस्तावेजों का परीक्षण भोपाल स्थित लाल परेड ग्राउंड, जहांगीराबाद तथा जबलपुर स्थित परेड ग्राउंड, 6वीं वाहिनी विसबल, रांझी में किया जाएगा।
सहायक पुलिस महानिरीक्षक चयन/भर्ती गोपाल सिंह धाकड़ ने बताया कि अभ्यर्थियों को निर्धारित दिनांक एवं स्थान पर ही उपस्थित होना अनिवार्य है तथा इसमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी उम्मीदवार म.प्र. कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट www.esb.mp.gov.in से अपना सूचना पत्र डाउनलोड कर निर्धारित स्थल पर उपस्थित हों। शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान आधार ई-केवाईसी सत्यापन किया जाएगा, इसलिए अभ्यर्थी अपना आधार कार्ड साथ लाएं और सुनिश्चित करें कि आधार लॉक न हो।
दस्तावेज परीक्षण हेतु अभ्यर्थियों को समस्त मूल प्रमाण-पत्र एवं उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियां साथ लाना अनिवार्य होगा।