नीमच। प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बुधवार को मंत्रालय भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नर, कलेक्टर्स एवं पुलिस अधीक्षकों की बैठक लेकर शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य सचिव जैन ने सभी जिलों को वर्षा पूर्व आपदा प्रबंधन की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समर्थन मूल्य पर उपार्जित उपज के सुरक्षित भंडारण, किसानों को समय पर भुगतान, तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक विकास हेतु उपयुक्त भूमि चयनित कर आवंटित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बैंक ऋण एवं फाइनेंसिंग पर भी फोकस करने के निर्देश दिए।
बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान, मत्स्य पालन को बढ़ावा देने, जलाशयों में केज स्थापना, राजस्व प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण, पीएम राहत योजना एवं राहवीर योजना के अंतर्गत प्रकरणों की स्वीकृति जैसे विषयों की भी समीक्षा की गई।
नीमच के एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बीएस कलेश सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।