सीहोर। लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल के आसमान छूते दामों और चरमराती बिजली-पानी की व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस ने सीहोर में एक बेहद अनोखा और चुटीला प्रदर्शन किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर अनोखे अंदाज में सरकार का विरोध किया। इस दौरान शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड और पटेल पेट्रोल पंप के आसपास से गुजरने वाले राहगीरों, आम जनता और किसानों को कांग्रेसियों ने ‘मेलोडी’ चॉकलेट बांटी। कांग्रेस का यह अलग अंदाज पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
मोदी-मेलोनी की ‘मेलोडी’ पर सियासी तंज
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी विदेश यात्रा के दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने मेलोडी चॉकलेट गिफ्ट की थी, जिसे लेकर भाजपा के नेता सोशल मीडिया से लेकर हर जगह जश्न मना रहे हैं और अपनी पीठ थपथपा रहे हैं।
‘जनता को मेलोडी खिलाकर असल मुद्दे भुलाना चाहती है बीजेपी’
राजीव गुजराती ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आज देश की आम जनता रिकॉर्डतोड़ महंगाई से त्रस्त है, युवाओं के पास रोजगार नहीं है और बिजली-पानी की व्यवस्था चरमरा चुकी है लेकिन सरकार को इसकी कोई फिक्र नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की यह सरकार अब देश की जनता से भी यही चाहती है कि लोग बस ‘मेलोडी’ खाएं और देश की असल समस्याओं व कमरतोड़ महंगाई को भूल जाएं। लेकिन कांग्रेस जनता को इस तरह सोने नहीं देगी। हम आम जनता के हक की आवाज सड़क से लेकर संसद तक उठाते रहेंगे।