नीमच। शहर के ज्ञान मंदिर लॉ कॉलेज में छात्र राजनीति को लेकर उस समय माहौल गर्मा गया जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े कुछ छात्र चलती कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों को संबोधित करने लगे। इस पर एनएसयूआई से जुड़े छात्रों ने विरोध जताया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी हो गई और कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।
जानकारी के अनुसार कॉलेज में नियमित कक्षाएं चल रही थीं, तभी एबीवीपी कार्यकर्ता कक्षा में पहुंचे और विद्यार्थियों से संवाद करने लगे। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने इसे शैक्षणिक वातावरण में हस्तक्षेप बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई, जिसके बाद मामला बढ़ गया और प्राचार्य को शिकायत की गई।
स्थिति को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया और समझाइश देकर मामला शांत कराया। प्राचार्य एवं कॉलेज ट्रस्टी के साथ हुई बैठक में कई बिंदुओं पर सहमति बनी।
एनएसयूआई छात्र नेता यश लोहार ने बताया कि कॉलेज प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में परिसर में किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा किसी भी छात्र को उसकी विचारधारा के आधार पर टारगेट नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कॉलेज में किसी भी प्रकार की “संविधान विरोधी मॉरल पुलिसिंग” नहीं होने दी जाएगी। फिलहाल एनएसयूआई ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है, हालांकि भविष्य में ऐसे प्रयासों का विरोध जारी रहेगा। कॉलेज प्रशासन ने शैक्षणिक वातावरण और छात्रों के बीच सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया है।