जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव सोमवार को मतदान प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी के आरोप लगने के बाद रद्द कर दिए गए। मतदान शुरू होते ही वैध मतपत्र (वैलिड बैलेट पेपर) को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद जिला अदालत परिसर में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया।
हंगामा बढ़ता देख मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदान प्रक्रिया तत्काल रोकते हुए चुनाव रद्द करने की घोषणा कर दी।
नए सिरे से कराए जाएंगे चुनाव
सोमवार को जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यकारिणी के चुनाव के लिए मतदान होना था। इस चुनाव में करीब 3,313 अधिवक्ताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था, लेकिन मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद बैलेट पेपर में कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आने से पूरा चुनाव प्रभावित हो गया।
विरोध के बीच निर्वाचन अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया निरस्त कर दी। अब जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव नए सिरे से कराए जाएंगे। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जल्द ही नई मतदान तिथि और प्रक्रिया की घोषणा की जाएगी।