नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस के नशे से दूरी है जरूरी 2.0 महा-अभियान के तहत सोमवार को नारकोटिक्स प्रकोष्ठ द्वारा धानुका फैक्ट्री में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 कर्मचारियों ने नो टू ड्रग्स का संदेश देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ ली।
यह महा-अभियान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नारकोटिक्स) डी. श्रीनिवास वर्मा एवं पुलिस उप महानिरीक्षक कुमार प्रतीक के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में नारकोटिक्स प्रकोष्ठ की टीम धानुका फैक्ट्री पहुंची और कर्मचारियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान फैक्ट्री के कर्मचारियों ने विशाल मानव श्रृंखला बनाकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। नारकोटिक्स प्रकोष्ठ के निरीक्षक बलराम सिंह रघुवंशी ने नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं खुशहाल समाज की शुरुआत स्वयं से होती है और यदि हम स्वयं नशे से दूर रहेंगे, तभी दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक कर सकेंगे।
कार्यक्रम के समापन पर निरीक्षक रघुवंशी ने सभी कर्मचारियों को आजीवन हर प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) किरण शर्मा, प्रधान आरक्षक आशीष शुक्ला, आरक्षक प्रशांत कैथवास एवं आरक्षक राहुल जैन सहित नारकोटिक्स प्रकोष्ठ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।