चित्तौड़गढ़। जिले के गंगरार थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई करते हुए चोरी की कुल 9 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों और उनके खरीदारों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 21 अगस्त 2026 को स्टेशन गंगरार निवासी अंकित पिता राजेंद्र कुमार व्यास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जून को वह सामुदायिक अस्पताल गंगरार गया था। अस्पताल से बाहर आने पर उसे अपनी TVS अपाचे मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चलने पर उसने अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना स्तर पर टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने संदिग्धों पर निगरानी रखते हुए 21 अगस्त को इन्द्रसिंह उर्फ भोलू बंजारा को डिटेन किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति द्वारा अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें लाकर बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की कुल 9 मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
पुलिस ने इन्द्रसिंह उर्फ भोलू बंजारा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से अन्य मोटरसाइकिलों की चोरी तथा उन्हें कहां-कहां बेचे जाने के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस मामले में शामिल अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी: इन्द्रसिंह उर्फ भोलू पिता बाबूलाल बंजारा, उम्र 30 वर्ष, निवासी जीवानायकों का खेड़ा, थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्रसिंह जोधा के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक उदयसिंह चुण्डावत के सुपरविजन में गंगरार थाना पुलिस टीम द्वारा की गई।