नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के दलपतपुरा गांव में बीती रात एक 40 वर्षीय व्यक्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में बंसीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नीमच जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। यहां उनका उपचार जारी है।
घायल बंसीलाल की बेटी गायत्री के अनुसार, घटना रात करीब 9 बजे की है। उनके पिता गांव में थे, तभी रमेश भील नामक व्यक्ति ने पीछे से आकर उनके सिर पर तलवार अथवा किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजन गंभीर हालत में बंसीलाल को तत्काल जीरन चिकित्सालय लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नीमच जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, बंसीलाल की किसी से पुरानी रंजिश नहीं थी और हमले के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है। पीड़ित परिवार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के कारणों के साथ आरोपी की तलाश की जा रही है।